जापान: रिकॉर्ड बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से 8 लोगों की मौत

टोक्यो/चिबा, 14 अगस्त (वार्ता) जापान के चिबा प्रांत में रिकॉर्ड बारिश के बाद भूस्खलन और बाढ़ के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शनिवार तक कुछ प्रांतों में अधिक भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। अगले 24 घंटों में कांतो इलाके में 100 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है, जबकि नागानो, यामानाशी और इज़ू द्वीपों में 80 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। इससे पहले जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चिबा के 22 नगरपालिकाओं के लिए आपातकालीन चेतावनी को शुक्रवार तड़के हटा दिया, क्योंकि भारी बारिश की तीव्रता कम हो गई है। हालांकि, कुछ जगहों पर भूस्खलन के लिए उच्च की चेतावनी अभी भी लागू है, जिसमें लोगों को खतरनाक स्थानों से सुरक्षित निकलने की सलाह दी गई है।

जापान टाइम्स के अनुसार चिबा प्रांत के आपदा विभाग ने सोशल मीडिया पर कहा, “आज फिर भारी बारिश की संभावना है। जब तक बहुत आवश्यक न हो, बाहर निकलने से बचें।” इसके साथ ही जलमग्न सड़कों पर वाहन चलाने के खतरों के प्रति आगाह करते हुए कहा गया कि जलभराव में गाड़ियां बंद हो सकती हैं और पानी के दबाव के कारण दरवाजे खोलना मुश्किल हो सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इचिकावा, साकुरा और याचियो शहरों में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें एक 66 वर्षीया महिला भी शामिल है, जो जलमग्न सड़क पर कार के अंदर फंसने के कारण डूब गई। चिबा में गुरुवार शाम से ही भीषण बारिश हो रही थी। चिबा शहर के चुओ वार्ड में 12 घंटों में 367 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस शहर में एक महीने में होने वाली सामान्य बारिश से तीन गुना अधिक है।

इस भारी तबाही के कारण पूरे प्रांत में व्यापक व्यवधान पैदा हुआ है। बचाव दल ने करीब 4,000 लोगों को चिबा प्रांतीय सांस्कृतिक हॉल में बने अस्थायी आश्रय स्थल तक पहुंचाया है। वहीं, ट्रेन और बस सेवाएं निलंबित होने के कारण नरीता हवाई अड्डे पर रात भर लगभग 7,000 यात्री फंसे रहे। शुक्रवार को सेवाएं धीरे-धीरे बहाल होने के बाद ट्रेन स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं।

ईस्ट जापान रेलवे ने शुक्रवार सुबह कई लाइनों पर सेवाएं रद्द या कम कर दीं, जबकि अन्य लाइनों पर देरी की खबरें भी मिलीं। एक्सप्रेसवे ऑपरेटर ने भूस्खलन के कारण सड़कों को बंद किए जाने की जानकारी दी है। इसके अलावा, शुक्रवार शाम 5 बजे तक चिबा में लगभग 18,500 घरों की बिजली आपूर्ति ठप रही। अधिकारी निवासियों से भूस्खलन, उफनती नदियों और निचले इलाकों में जलभराव को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

.....

Next Post

80वें स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं की सोच

Fri Aug 14 , 2026
भोपाल। भारत 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। आजादी के इस खास मौके पर देशभर में तिरंगे और देशभक्ति का उत्साह नजर आएगा। लेकिन आज की युवा पीढ़ी के लिए स्वतंत्रता का असली अर्थ क्या है? युवाओं के मुताबिक आजादी सिर्फ गुलामी से मुक्ति नहीं, […]

You May Like