सिवनी: जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में खेरमाई चौराहे के पास रात्रि के समय एक सड़क हादसे में ऑटो और कार की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गढ़ादूर गांव से कुछ लोग ऑटो में सवार होकर घंसौर में दुर्गा प्रतिमाएं देखने आए थे।
वापस लौटते समय उनकी टक्कर एक कार से हो गई जिसमें तीन लोग पहाड़ी गांव से घंसौर आ रहे थे। यह हादसा घंसौर के समीप खेरमाई चौराहे पर हुआ। टक्कर के कारण ऑटो में सवार चारों लोग जमीन पर गिर गए और उन्हें हाथ, पैर, सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस कर्मियों मनीष रैकवार और संदीप श्रीवास्तव ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों की पहचान सुरेंद्र उइके (28), अरविंद विश्वकर्मा (30), भानू उइके (18) और ज्योति भगदिया (12) के रूप में हुई है, ये सभी गढ़ादूर के निवासी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद, एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर घंसौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि उन्हें कार और ऑटो की टक्कर में चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी, फिलहाल मामले की जांच जारी है।
