कुबेरेश्वरधाम कावड़ यात्रा के चलते सीहोर में रेल ठहराव बढ़ा, पांच ट्रेनों के रुकेंगे पहिए

इंदौर: कुबेरेश्वरधाम में कावड़ यात्रा के चलते सीहोर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है. संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सीहोर स्टेशन पर पांच ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है. 25 और 26 अगस्त को ये ट्रेनें दो मिनट के लिए सीहोर में रुकेंगी. इससे दूसरे शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीहोर पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेंगे.

रेलवे की इस अस्थायी व्यवस्था में वाराणसी-इंदौर सुपरफास्ट, इंदौर-वाराणसी सुपरफास्ट, इंदौर-पटना एक्सप्रेस, पटना-इंदौर एक्सप्रेस और मन्नारगुडी-जयपुर सुपरफास्ट शामिल हैं. खास बात यह है कि इन ट्रेनों के ठहराव का समय सुबह से देर रात तक फैला हुआ है.

सुबह 4.58 बजे से शुरू होगा ठहराव
सीहोर स्टेशन पर सबसे पहले वाराणसी-इंदौर सुपरफास्ट सुबह 4.58 बजे पहुंचेगी और 5 बजे रवाना हो जाएगी. इसके बाद पटना-इंदौर एक्सप्रेस 9.45 बजे, इंदौर-वाराणसी सुपरफास्ट दोपहर 1.15 बजे और इंदौर-पटना एक्सप्रेस शाम 5.26 बजे स्टेशन पहुंचेगी. रात में मन्नारगुडी-जयपुर सुपरफास्ट 10.26 बजे सीहोर पहुंचेगी और दो मिनट बाद रवाना होगी.

निर्धारित समय पर पहुंचना होगा
कावड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सीहोर पहुंचने की संभावना है. ऐसे में दो दिनों के लिए ट्रेनों का यह अतिरिक्त ठहराव यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. हालांकि ठहराव सिर्फ दो मिनट का होने के कारण यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचना होगा.
रेलवे के मुताबिक, यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की ताजा स्थिति की जानकारी लेना जरूरी है. परिचालन से जुड़े अपडेट रेलवे की इंमयरी सेवा और रेल वन ऐप पर देखे जा सकते हैं

Next Post

सैफ के तूफान में उड़ा काशी रुद्रास, लखनऊ फाल्कन्स 14 रन से जीता

Tue Aug 25 , 2026
लखनऊ, (वार्ता) मोहम्मद सैफ की 89 रन की तूफानी पारी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के मुकाबले में सोमवार को गत विजेता काशी रुद्रास को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 14 रन से शिकस्त दी। यह लखनऊ फाल्कन्स की लगातार दूसरी जीत है जिसके बाद लखनऊ […]

You May Like