अमेरिका के सीनियर मिलिट्री कमांडर ने व्हाइट हाउस से ईरान के साथ टकराव खत्म करने की अपील की

वॉशिंगटन, 08 अगस्त (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिका के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन कई हफ्तों से व्हाइट हाउस से ईरान के साथ टकराव खत्म करने का कोई रास्ता निकालने की अपील कर रहे हैं। सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।

एक सूत्र ने कहा, “केन इस मामले से बाहर निकलने का रास्ता (ऑफ- रैम्प) ढूंढ रहे हैं।”

टीवी चैनल के मुताबिक जनरल केन ने हाल के हफ्तों में कैबिनेट के अहम सदस्यों ( जिनमें वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस, सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो और सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ शामिल हैं) के साथ कई गोपनीय बैठकें की हैं। इन बैठकों का मकसद अपनी राय में तालमेल बिठाना और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के मामले में तनाव और बढ़ाने से जुड़े जोखिमों और गतिरोध के बारे में बताना था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सेना और खुफिया समुदाय में यह समझ बढ़ रही है कि ईरान के साथ टकराव में एयरपावर (हवाई ताकत) की भूमिका सीमित है, और जनरल केन खुद भी इसी राय से सहमत हैं।

इसके अलावा, रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना का मानना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर हवाई हमलों से ईरान घुटने नहीं टेकेगा, बल्कि इससे फारस की खाड़ी में मौजूद सहयोगियों पर जवाबी हमले भड़क सकते हैं।

अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने शुक्रवार को कहा कि ईरान के साथ 30-60 दिनों के संघर्ष-विराम समझौते पर जल्द ही सहमति बन सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अगस्त को कहा था कि उन्होंने ईरान पर हमले इसलिए रोक दिए क्योंकि एक समझौता होने वाला है; इस समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते शामिल हैं।

 

 

Next Post

आजादी की 79वीं वर्षगांठ पर देशभक्ति के तरानों से गुंजायमान होगा रीवा

Sat Aug 8 , 2026
रीवा:देश के आजादी की 79वीं वर्षगांठ को मनाने के लिए एसएएफ ग्राउण्ड में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंगों में रंगी नजर आएगी. देशभक्ति के तरानों से रीवा गुंजायमान होगा. दिन की शुरुआत सुबह 7 बजे से 8 बजे के बीच […]

You May Like