रीवा:देश के आजादी की 79वीं वर्षगांठ को मनाने के लिए एसएएफ ग्राउण्ड में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंगों में रंगी नजर आएगी. देशभक्ति के तरानों से रीवा गुंजायमान होगा. दिन की शुरुआत सुबह 7 बजे से 8 बजे के बीच जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान के साथ होगी. स्कूलों में नौनिहाल राष्ट्रभक्ति के गीतों से प्रांगण को गुंजायमान करेंगे. मुख्य आकर्षण का केंद्र शहर का ऐतिहासिक एसएएफ ग्राउंड रहेगा, जहां सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ मुख्य समारोह का आगाज होगा. समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी. राष्ट्रीय धुन की गूंज के बीच एसएएफ, डीएफ, पीटीएस, होमगार्ड, एनसीसी के सीनियर कैडेट्स और सैनिक स्कूल के होनहार छात्र-छात्राओं की अनुशासित सलामी परेड होगी.
इस संबंध में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि मौसम को देखते हुए ग्राउंड में वाटरप्रूफ शामियाना, साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, निर्बाध बिजली व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, बायो-टॉयलेट और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया जाएगा. उनके आगमन से लेकर प्रस्थान तक की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है. सांस्कृतिक दलों और और उनकी प्रस्तुतियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. समारोह स्थल में स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं के लिए भी संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं.
स्कूली बच्चों द्वारा दी जाएंगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनके जरिए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, विविधता में एकता, स्वाधीनता संग्राम की वीर गाथाओं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा.
बहुरंगी रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
स्वाधीनता के पर्व पर 14 और 15 अगस्त की रात सभी प्रमुख कार्यालयों, ऐतिहासिक, प्रशासनिक और राष्ट्रीय महत्व के भवनों में बहुरंगी रोशनी की जाएगी. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही यह भवन बहुरंगी रोशनी से जगमगाएंगे.
मिनट-टू-मिनट फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को
स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूरी तैयारी और व्यवस्था को परखने के लिए एसएएफ ग्राउण्ड में 13 अगस्त को सुबह 9 बजे से मिनट-टू-मिनट फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा. फाइनल रिहर्सल के दौरान मुख्य समारोह की रूपरेखा के अनुसार ही ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा. कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को रिहर्सल के दौरान अपनी जिम्मेदारी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं.
