
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता और विनिर्माण विशेषज्ञता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अर्धदिवसीय एमआरएस तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एफडब्ल्यूएम एवं सीडीई विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सत्र में अपर महाप्रबंधक (एचआरडी) आरिफ अहमद सिद्दीकी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बीएचईएल के सेवानिवृत्त अधिकारी मदन लाल कारपेंटर थे। उन्होंने अपने तीन दशक से अधिक के व्यावसायिक अनुभव के आधार पर जल एवं भाप टरबाइन के निर्माण, उत्पादन प्रक्रियाओं तथा नवीन तकनीकी प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने उत्कृष्ट विनिर्माण पद्धतियों, गुणवत्ता सुधार और उत्पादन क्षमता बढ़ाने से जुड़े व्यावहारिक अनुभव भी कर्मचारियों के साथ साझा किए। संवादात्मक सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यस्थल पर आने वाली तकनीकी चुनौतियों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका समाधान मुख्य वक्ता ने अपने अनुभव के आधार पर विस्तार से प्रस्तुत किया।
बीएचईएल अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के तकनीकी सत्र कर्मचारियों के ज्ञानवर्धन के साथ उनकी कार्यकुशलता और तकनीकी क्षमता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय प्रबंधक (एचआरडी) कीर्ति सिंह ने किया।
