
भोपाल/छतरपुर। महिला वनडे विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ को मध्य प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने भारत को गौरवान्वित किया है। छतरपुर की बेटी क्रांति गौड़ ने एमपी का मान बढ़ाया है।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कदम उठाती रहेगी।
छोटे से सरकारी मकान से उठी वर्ल्ड कप विजेता पेस बॉलर
छतरपुर की घुवारा गांव की रहने वाली क्रांति गौड़ आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप विजेता सदस्य हैं, लेकिन उनकी शुरुआत बेहद साधारण रही। परिवार दो कमरों के सरकारी मकान में रहता है, जिसमें मां नीलम, पिता मुन्ना सिंह और पांच भाई-बहन मिलकर रहते हैं। घर की सबसे छोटी क्रांति ने आठ साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू किया था। घर के सामने बने मैदान में वे गांव के लड़कों के साथ टेनिस बॉल से खेलती थीं। आज भी उस मैदान में एक सीमेंटेड पिच और बिजली के खंभे का टूटा हिस्सा स्टम्प की तरह खड़ा है, जो उनकी मेहनत और सपनों की गवाही देता है।
