सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र से 9 दिन पहले लापता हुए 15 वर्षीय प्रियांशु माखीजा का शव मंगलवार सुबह सकरिया गांव के पास नहर की रेलिंग में फंसा मिला। शव बुरी तरह सड़ चुका था। बाबूपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।दोपहर में परिजनों ने शव की शिनाख्त प्रियांशु के रूप में की। प्रियांशु पीएम आवास, उतैली वार्ड क्रमांक-22 का निवासी था। वह 27 जुलाई की शाम करीब 6 बजे दोस्त सुमित के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 28 जुलाई को कोलगवां थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इससे पहले, 1 अगस्त को नगर वन के पास नहर किनारे प्रियांशु के कपड़े और चप्पल मिले थे। उसकी मां कोमल माखीजा ने इन सामानों की पहचान की थी। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ टीम के साथ गोताखोरों और बोट की मदद से नहर में करीब एक किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
ग्रामीणों ने दी सूचना
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने नगर वन से लगभग 5 किलोमीटर दूर सकरिया गांव के पास नहर की रेलिंग में एक शव फंसा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की हालत खराब होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी, लेकिन दोपहर में परिजनों ने पुष्टि की कि यह शव प्रियांशु का ही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
