नौगांव। नगर पालिका परिषद नौगांव के सफाई मित्रों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को अपना आंदोलन और तेज कर दिया। दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में सफाई मित्र तहसील कार्यालय के सामने टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सीएमओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के विरोध में भी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नौगांव थाना, हरपालपुर थाना, अलीपुर थाना और लुगासी चौकी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन सफाई मित्र अपनी मांगों पर अडिग दिखाई दिए।
गौरतलब है कि नगर पालिका के सफाई मित्र पिछले एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते नगर के कई वार्डों में कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे लोगों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
धरने पर बैठे सफाई मित्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता और सीएमओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। वहीं, आंदोलन शुरू होने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रदर्शनकारियों के साथ कोई ठोस वार्ता नहीं होने से गतिरोध बना हुआ है।
