
पिपलियामण्डी। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के टकरावद-नापाखेड़ा मार्ग पर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के सामने रविवार सुबह करीब 9:15 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर कई फीट दूर जा गिरे। दुर्घटना के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं। एक घायल को अंदरूनी चोटें पहुंची हैं, जबकि दूसरे के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। घायल मोहनलाल धनगर एवं घीसालाल धनगर निवासी संजीत आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झारड़ा जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक स्कॉर्पियो की चपेट में आ गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए मोहनलाल धनगर को मंदसौर निजी अस्तपाल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें इंदौर रेफर कर दिया। जबकि घीसालाल पिता गुलाब धनगर को उदयपुर रेफर किया गया। नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पंवार ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच उपरांत स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
