भोपाल। जैन नगर लालघाटी स्थित श्री शांतिनाथ जिनालय के समीप प्रस्तावित पंचमुखी नवीन संत भवन का भूमि पूजन आचार्य विशद सागर महाराज एवं 10 साधुओं के सानिध्य में विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। भगवान शांतिनाथ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने शिलाएं अर्पित कीं। अनुष्ठान पंडित राजेश राज के निर्देशन में व संचालन सुनील पब्लिशर द्वारा हुआ।
मंदिर समिति अध्यक्ष निर्मल जैन और संरक्षक अजय ज्योतिष ने बताया कि आचार्य संघ ने अभिषेक, शांति धारा और जगत कल्याण हेतु मंत्रोच्चार किए। नवीन संत भवन का नाम श्रमण बस्तिका भवन होगा। समिति प्रवक्ता सौरभ इंजीनियर ने बताया कि भविष्य में भव्य स्वर्णमयी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
आचार्य विशद सागर महाराज ने श्रमण परंपरा को भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी संपदा बताते हुए धर्म, साधना और परोपकार को जीवन का आधार कहा। कार्यक्रम में अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
