
खंडवा। सिंहस्थ महापर्व-2028 को देखते हुए ओंकारेश्वर और नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देशन में एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा ने होटल, रिसॉर्ट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सीवेज व्यवस्था की जांच के लिए संयुक्त दल गठित किया है।
आदेश के अनुसार मोरटक्का से ओंकारेश्वर तथा कोठी से सनावद मार्ग के दोनों ओर स्थित सभी होटल-रिसॉर्ट्स और नगर क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं अपशिष्ट जल निष्कासन की सघन जांच की जाएगी।
जांच दल में डिप्टी कलेक्टर ममता चौहान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोनिका भौपचे, उपयंत्री मनोज जायसवाल और दुर्गेश चौधरी सहित राजस्व व पंचायत अमले के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं, जिससे व्यापक स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जांच दल को निर्देश दिए हैं कि तीन दिवस के भीतर जांच पूरी कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। साथ ही संकेत दिए गए हैं कि सीवेज प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित होटल और रिसॉर्ट संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महत्वपूर्ण बात यह है कि गठित जांच दल ने आज से ही कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का साफ संदेश है—नर्मदा की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा।
