जकार्ता, 01 सितंबर (वार्ता): इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ने देश भर के कई क्षेत्रों में हो रहे हालिया प्रदर्शनों के मद्देनजर सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प दोहराया है।
उन्होंने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि राजनीतिक दलों ने अपने उन सदस्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है जिन्होंने संसद में दुर्व्यवहार किया था। इसमें उनकी सदस्यता, भत्ते और विदेश यात्राएं रद्द करना शामिल है।
उन्होंने प्रतिनिधि सभा के नेताओं से समुदाय के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के समूह के साथ बातचीत शुरू करने का भी आह्वान किया है। राष्ट्रपति ने कुछ क्षेत्रों में अशांति की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगर प्रदर्शन अराजकता में बदलने लग जायें तो तो प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदार एजेंसियों को मूक नहीं बने रहना चाहिए।
उन्होंने पुलिस और सशस्त्र बलों को निर्देश दिया कि वे कानून का पालन करते हुए दृढ़ता से काम करें और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुये सरकारी संपत्ति की रक्षा करें। श्री प्रबोवो ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने,किसी के उकसावे में नहीं आने और देश की एकता एंव स्थिरता बनाए रखने की अपील की है।
