दीनी पुल के पास पलटी पिकअप: 25 दिन बाद घायल महिला ने तोड़ा दम, हादसे में 18 महिलाएं हुई थीं घायल

बालाघाट, रामपायली थाना क्षेत्र के ग्राम दीनी के पास 12 जुलाई को महिलाओं से भरी पिकअप वाहन पलटने की दर्दनाक घटना में घायल एक महिला की 25 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतिका की पहचान ग्राम डोंगरमाली निवासी सविता लिल्हारे (35) के रूप में हुई है। उनका इलाज नागपुर के अस्पताल में चल रहा था, जहां 25 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की सुबह ग्राम डोंगरमाली और बिटोड़ी की करीब 18 महिलाएं धान का रोपा (पराह) लगाने के लिए पिकअप वाहन से नेवरगांव धड़ी जा रही थीं। इसी दौरान ग्राम दीनी के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में सविता लिल्हारे गंभीर रूप से घायल हुई थीं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंदिया के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें नागपुर के एम्स अस्पताल भेजा गया, जहां चार दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी मृत्यु हो गई।

बताया जा रहा है कि सविता लिल्हारे का पोस्टमार्टम नागपुर में ही कराया जाएगा। इस दुर्घटना में कुल 18 महिलाएं घायल हुई थीं, जिनमें कुछ का इलाज जिला अस्पताल तथा कुछ का निजी अस्पतालों में कराया गया था। मामले की जांच रामपायली थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

Next Post

हाथीनाला हत्याकांड का खुलासा: एक माह पहले रची गई थी साजिश, डॉक्टर समेत 8 गिरफ्तार, 3 फरार

Sat Jul 25 , 2026
नरसिंहपुर। पुलिस ने हाथीनाला हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि छह युवकों की मौत सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों ने करीब एक माह पहले से पूरी योजना बनाई थी और युवकों की लगातार रेकी की जा रही […]

You May Like