इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जानापाव दौरे के मद्देनजर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपेड निर्माण से पहले नेट्रेक्स परिसर में वन विभाग ने विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 29 नीलगायों को पकड़ा है. ऑपरेशन चार दिन तक चला और इसे गोपनीय तरीके से अंजाम दिया था.नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स (नेट्रेक्स) क्षेत्र में 13 अप्रैल से वन विभाग की स्पेशल टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया था.
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित हवाई दौरे और हेलीपेड निर्माण के चलते परिसर में नीलगायों की मौजूदगी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई. चार दिन तक चले अभियान में 29 नीलगायों को सुरक्षित पकड़ा है. नेट्रेक्स परिसर में हाई स्पीड व्हीकल टेस्टिंग होती है, ऐसे में जंगली जानवरों की मौजूदगी वाहन चालकों और टेस्टिंग प्रक्रिया दोनों के लिए खतरा बनती है. इसी वजह से यहां हर साल भी नीलगायों को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाता है.
हालांकि इस बार अभियान को विशेष रूप से मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए तेज किया है. पकड़ी गई नीलगायों को कहां छोड़ा गया, इस संबंध में अधिकारियों ने स्पष्ट जानकारी देने से इनकार कर दिया. उल्लेखनीय है कि पीथमपुर के पास स्थित नेट्रेक्स एशिया के सबसे लंबे और दुनिया के प्रमुख हाई-स्पीड टेस्टिंग ट्रैक्स में शामिल है, जहां सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाते हैं.
