19 साल के युवक का बैंक खाता कई राज्यों की साइबर ठगी से जुड़ा

इंदौर. देश के अलग अलग राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों की जांच के दौरान इंदौर के 19 वर्षीय युवक का बैंक खाता संदिग्ध म्यूल अकाउंट के रूप में सामने आया है. क्राइम ब्रांच के अनुसार खाते से बिहार, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों का लिंक मिला है. पुलिस ने खाताधारक वासु पंवार उम्र 19 साल निवासी इंदिरा एकता नगर, मूसाखेड़ी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. क्राइम ब्रांच को ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी), गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) और राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से संदिग्ध म्यूल बैंक खातों से संबंधित डेटा मिला था. इसके परीक्षण के दौरान एक बैंक खाते पर संदेह हुआ. बैंक रिकॉर्ड खंगालने पर यह खाता वासु पंवार के नाम पर होना सामने आया. इसके बाद खाते से जुड़ी जानकारी का एनसीआरपी पर दर्ज साइबर अपराध की शिकायतों से मिलान किया तो बिहार, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों की साइबर ठगी की शिकायतों का लिंक मिला. प्रथम दृष्टया सामने आया है कि खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधियों में किया. इसके बाद क्राइम ब्रांच थाने में वासु पंवार और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ 2 सितंबर को प्रकरण दर्ज किया. अब पुलिस खाते से हुए संदिग्ध लेन-देन, उसे संचालित करने वाले वास्तविक व्यक्ति और खाते को साइबर ठगी के लिए उपलब्ध कराने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल कर रही है. विभिन्न राज्यों में दर्ज शिकायतों के संबंध में वहां की पुलिस और जांच एजेंसियों से भी समन्वय किया जा रहा है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि खाते में साइबर ठगी की रकम किन खातों से आई और रकम आगे कहां ट्रांसफर की गई. पुलिस को संदेह है कि खाते का इस्तेमाल किसी बड़े साइबर नेटवर्क के लिए किया हो सकता है. जांच आगे बढ़ने पर खाते से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की पूरी कड़ी सामने आने की उम्मीद है.

जांच चल रही है, डीसीपी राजेश त्रिपाठी…

ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत मिले डेटा की जांच में उक्त बैंक खाते का लिंक कई राज्यों में दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों से सामने आया है. खाते के लेन-देन और उसके वास्तविक उपयोगकर्ता की जांच की जा रही है. खाते के संचालन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है.

Next Post

जन्माष्टमी पर राजबाड़ा में शाम 5 बजे बाद वाहनों की नो-एंट्री

Thu Sep 3 , 2026
इंदौर. जन्माष्टमी और गोगा नवमी पर राजबाड़ा व आसपास के धार्मिक स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 4 और 5 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. जन्माष्टमी पर शाम 5 बजे बाद राजबाड़ा की ओर कई रास्तों से वाहनों की आवाजाही रोक दी […]

You May Like