जन्माष्टमी पर राजबाड़ा में शाम 5 बजे बाद वाहनों की नो-एंट्री

इंदौर. जन्माष्टमी और गोगा नवमी पर राजबाड़ा व आसपास के धार्मिक स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 4 और 5 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. जन्माष्टमी पर शाम 5 बजे बाद राजबाड़ा की ओर कई रास्तों से वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी. भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त डायवर्शन भी किया जा सकता है.

राजबाड़ा क्षेत्र में बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर, यशोदा माता मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे. इसके अलावा नरसिंह बाजार, गौराकुंड और छीपाबाकल क्षेत्र में मटकी फोड़ आयोजन के चलते भी यातायात प्रभावित रहेगा.

इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध…

बांके बिहारी मंदिर से गोपाल मंदिर, इमामबाड़ा, सराफा, विजय चाट चौराहा होते हुए यशोदा माता मंदिर तक वाहनों की आवाजाही और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी. फ्रूट मार्केट चौराहे से शाम 5 बजे बाद राजबाड़ा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे. हरसिद्धि और मच्छी बाजार की ओर से आने वाले वाहन यशवंत रोड चौराहे से राजबाड़ा नहीं जा सकेंगे. इन्हें आड़ा बाजार-नंदलालपुरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा. बड़ा गणपति से टोरी कॉर्नर-गौराकुंड होकर राजबाड़ा जाने वाला यातायात मल्हारगंज थाने के सामने से आगे नहीं जा सकेगा. वाहन छीपाबाकल-बड़वाली चौकी होकर निकलेंगे. रामलक्ष्मण बर्तन बाजार चौराहे से यशोदा माता मंदिर तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. नरसिंह बाजार चौराहे से द्वारकाधीश मंदिर की ओर शाम 5 बजे बाद वाहन प्रतिबंधित रहेंगे.

सिटी बसें भी राजबाड़ा नहीं जाएंगी… 

शाम 5 बजे बाद मृगनयनी और फ्रूट मार्केट की ओर से आने वाली सिटी बसें राजबाड़ा के बजाय संजय सेतु की ओर संचालित होंगी. वहीं कलेक्ट्रेट और हरसिद्धि की ओर से आने वाली बसें हरसिद्धि मंदिर चौराहे से आगे नहीं जा सकेंगी. बड़ा गणपति से एमजी रोड होकर राजबाड़ा जाने वाले वाहन चालकों को सुभाष मार्ग का इस्तेमाल करना होगा.

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए दो विकल्प…

राजबाड़ा क्षेत्र में डायवर्शन के दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्री कलेक्ट्रेट-महू नाका-गंगवाल होकर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे. दूसरा विकल्प विजयनगर-सुपर कॉरिडोर-बिजासन मार्ग रहेगा.

इन पार्किंग स्थलों का करें इस्तेमाल…

श्रद्धालुओं के लिए कृष्णपुरा छत्री, सुभाष चौक पानी की टंकी, संजय सेतु के पास मल्टीलेवल पार्किंग और बाजाज खाना पार्किंग निर्धारित की गई है. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनावश्यक वाहन लेकर न आएं और निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें. आपातकालीन सेवा वाले वाहनों पर प्रतिबंध नहीं रहेगा. यातायात व्यवस्था में समस्या होने पर ट्रैफिक हेल्पलाइन सूचना दी जा सकती है. पुलिस ने कहा है कि भीड़ और यातायात दबाव की स्थिति के अनुसार डायवर्शन के समय में बदलाव या अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

Next Post

ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत

Thu Sep 3 , 2026
मक्सी। मक्सी रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। घटना रेलवे स्टेशन के भोपाल तरफ स्थित ब्रिज […]

You May Like