हाथीनाला हत्याकांड का खुलासा: एक माह पहले रची गई थी साजिश, डॉक्टर समेत 8 गिरफ्तार, 3 फरार

नरसिंहपुर। पुलिस ने हाथीनाला हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि छह युवकों की मौत सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों ने करीब एक माह पहले से पूरी योजना बनाई थी और युवकों की लगातार रेकी की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन शाम करीब 5 से 6 बजे हाथीनाला क्षेत्र में आरोपियों और मृतकों के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद रात करीब 8 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर साजिश के तहत दो हाईवा वाहनों की मदद से युवकों को निशाना बनाया गया। घटनास्थल से टाटा कंपनी के ट्रक का एक पार्ट भी बरामद हुआ, जिससे जांच को अहम सुराग मिला।

एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी आनंद राजपूत और राजेंद्र लोधी के बीच पुराने विवाद, अवैध रेत कारोबार तथा आपराधिक गतिविधियों को लेकर रंजिश थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को निगरानी के लिए तैनात किया था और दो हाईवा वाहनों के जरिए वारदात को अंजाम दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि डॉक्टर अमित खरे और मृतक राजेंद्र लोधी के बीच पैसों और कथित एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) को लेकर विवाद था। आरोप है कि राजेंद्र लोधी डॉक्टर को ब्लैकमेल करता था। इसी विवाद के बाद डॉक्टर ने आनंद राजपूत से संपर्क किया और साजिश आकार लेने लगी। पुलिस ने मामले में राजा पटेल, अनुज ठाकुर, आनंद लोधी, भारत सिंह, अनिल पटेल, अरविंद्र लोधी, नरेंद्र सिंह और डॉक्टर अमित खरे को गिरफ्तार किया है। वहीं अनिल, ऋतुराज और प्रीतम फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Next Post

शाजापुर के 5 दोस्तों की दर्दनाक हादसे में मौत, खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जाते समय तालाब में गिरी अनियंत्रित कार

Sat Jul 25 , 2026
खुजनेर/राजगढ़। राजगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक भीषण और हृदयविदारक सडक़ हादसा सामने आया है. शाजापुर से राजगढ़ के खुजनेर स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए आ रही एक तेज रफ्तार कार भीलखेड़ी जोड़ के पास अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे स्थित तालाब में जा गिरी. देखते ही देखते कार […]

You May Like