
खुजनेर/राजगढ़। राजगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक भीषण और हृदयविदारक सडक़ हादसा सामने आया है. शाजापुर से राजगढ़ के खुजनेर स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए आ रही एक तेज रफ्तार कार भीलखेड़ी जोड़ के पास अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे स्थित तालाब में जा गिरी. देखते ही देखते कार पानी में पूरी तरह डूब गई. जिससे उसमें सवार पांचों दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई.
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है. हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला. इसके बाद कार के कांच तोडक़र अंदर फं से लोगों को बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक सभी पांचों व्यक्तियों की सांसें थम चुकी थीं.
सर्च ऑपरेशन चलाकर की पुष्टि
हादसे के बाद पुलिस ने एहतियातन तालाब में सर्च ऑपरेशन भी चलाया. ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार में कोई अन्य व्यक्ति सवार तो नहीं था. खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है. सभी शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
सभी मृतक शाजापुर जिले के निवासी
पुलिस के अनुसारए सभी मृतक शाजापुर जिले के ग्राम अरंडिया और अरंडिया खुर्द के रहने वाले थे. वे शनिवार सुबह खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए एक ही कार से रवाना हुए थे. लेकिन मंजिल पर पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए.
मृतकों में गोविंद तिवारी और कमल किशोर तिवारी आपस में चचेरे भाई थे. जिनमें गोविंद तिवारी 55 वर्ष निवासी अरंडिया खुर्द, कमल किशोर तिवारी 57 वर्ष निवासी अरंडिया खुर्द, शंकर नाथ 58 वर्ष निवासी अरंडिया खुर्द,अरविंद वर्मा 50 वर्ष निवासी अरंडिया, रोहित पटेल 42 वर्ष निवासी अरंडिया के निवासी बताये गये है.
हादसे की खबर जैसे ही शाजापुर के अरंडिया गांव पहुंची. वहां मातम छा गया. एक साथ गांव के पांच लोगों की मौत से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं. पुलिस मामले की मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
