ग्वालियर: सिंधिया कन्या विद्यालय का दक्षिण अफ्रीका के हाई कमिश्नर प्रो. अनिल सूकलाल ने अपनी पत्नी, सुश्री नेलिस्ट्रा सूकलाल सिंह के साथ दौरा किया। प्रधानाचार्या श्रीमती निशि मिश्रा द्वारा उनका पुष्पगुच्छों से स्वागत किया गया तथा स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या गरिमा संधू, करियर काउंसलर उर्वशी, इवेंट कोडिनेटर शिवांगी सहाय, भारती सूद विशेष रूप से उपस्थित रहीं। प्रो. अनिल सूकलाल दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के भारत में हाई कमिश्नर एवं मिशन प्रमुख हैं।
उन्होंने छात्राओं के साथ एक इंटरैक्टिव सेशन भी किया यह सत्र प्रेरणादायक रहा, जिसमें ब्रिक्स की वैश्विक भूमिका, दक्षिण अफ्रीका का मुक्ति आंदोलन, तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। संवाद का केंद्र मानवीय मूल्यों, नैतिक नेतृत्व एवं वैश्विक उत्तरदायित्व रहा। छात्राओं ने उनसे राजनयिक जीवन, व्यक्तिगत मूल्यों एवं वैश्विक प्रतिनिधि के रूप में उनके अनुभवों से जुड़े प्रश्न पूछे। उत्तर में, महामहिम ने भगवद गीता की शिक्षाओं से प्रेरित विचार साझा करते हुए कर्तव्य, ईमानदारी और नैतिकता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने शिक्षा को युवाओं के सशक्तिकरण एवं जिम्मेदार वैश्विक नागरिक निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
