
जबलपुर। जबलपुर उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय के अथक प्रयासों एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की संकल्पशीलता का परिणाम है कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ प्रदेश में एक ऐतिहासिक कानून मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विधेयक, 2026 सर्वसम्मति से पारित हुआ है। विदित हो कि विधायक अभिलाष पांडे द्वारा विधानसभा में लगातार ध्यानाकर्षण एवं प्रश्नों के माध्यम से प्रदेश में अग्नि सुरक्षा कानून की आवश्यकता को उठाया जा रहा था फिर प्रदेश सरकार ने मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विधेयक, 2026 पारित कर दिया।
शनिवार को पत्रकारवार्ता आयोजित कर विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि यह विधेयक प्रदेश के नागरिकों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मुझे गर्व है कि मेरे द्वारा उठाई गई आवाज को सरकार ने गंभीरता से लिया और यह ऐतिहासिक कानून बना। अब आग से जनहानि एवं धनहानि को रोकने में यह कानून महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ‘इस विधेयक के अंतर्गत प्रदेश में एक एकीकृत कायर सेफ्टी व्यवस्था स्थापित की जाएगी, जिसमें शहरी क्षेत्रों में 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 20 मिनट के भीतर दमकल सेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, भवनों के लिए फायर एनओसी एवं वार्षिक कायर ऑडिट अनिवार्य किया गया है। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता विधेयक भी पारित किया गया। इस विधेयक में सभी धर्म के लिए विवाह तलाक एवं उत्तराधिकार के समान नियम स्थापित किए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र में कुछ इस तरह हो रहे विकास कार्य
विधायक के अनुसार विकास कार्यों में मेहता पेट्रोल पंप से अहिंसा चौक तक 17 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण का कार्य, रानीलाल मुक्तिधाम का 1.73 करोड़ की लागत से उन्नयन, राजीव गांधी बार्ड अंतर्गत शांति नगर काली मंदिर से ट्रांसपोर्ट नगर तक 1 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण, मनमोहन नगर हॉस्पिटल को 30 बिस्तरीय से 100 बिस्तरीय में विस्तारित किया गया, माढ़ोताल तालाब का लगभग 8:30 करोड़ की लागत से उन्नयन कार्य किया जाना शामिल है। विधायक अभिलाष पांडे ने ये भी बताया कि उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के 55 स्थानों पर 15 करोड़ रुपये की राशि से विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर चल रहे हैं।
