ब्यावरा: कृषि उपज मंडी में गेहूं व अन्य फसल की बम्पर आवक हो रही है. मंगलवार को बम्पर आवक के चलते मंडी परिसर में जाम के हालात बन गये. दूसरे दिन बुधवार को भी जाम की स्थिति बनी रही. काफी देर तक जाम में वाहन फंसे रहे. जिससे उपज लेकर आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.कमोबेश आज भी गेहूं उपार्जन शुरू होने पर भी वैसी ही स्थिति बनी हुई है.
मंडी समय में ट्रको की आवाजाही से जाम लगने की स्थिति निर्मित होना देखा जा रहा है. मंडी में गेहूं, सरसों व अन्य उपज के साथ ही लहसुन की बम्पर आवक हो रही है. सीजन की सर्वाधिक आवक के चलते समस्या बनी हुई है.मंडी में नीलामी समय के दौरान ही ट्रकों की आवाजाही से जाम के हालात निर्मित हो जाते है. उपज लेकर आने वाले ट्रेक्टर ट्रॉली व अन्य वाहनों की आवाजाही होती है उस समय मंडी में ट्रक, कंटेनर आते-जाते है. जिसके कारण आवाजाही में परेशानी होकर जाम लग जाता है. यदि नीलामी समय के बाद ट्रक एवं भारी वाहनों की आवाजाही कर दी जाये तो काफी हद तक व्यवस्था में सुधार होकर जाम की समस्या दूर हो सकेगी. मंडी में कुल आवक 23 हजार 285 क्विंटल रही जो कि इस सीजन की सर्वाधिक आवक रही.
