
छिंदवाड़ा। हर्रई के उत्कृष्ट छात्रावास में अव्यवस्थाओं और लापरवाही को लेकर कलेक्टर, जनजातीय कार्य विभाग ने अधीक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में बच्चों के लिए निर्धारित व्यवस्थाएं समय-सारणी के अनुसार संचालित नहीं मिलीं। इसके अलावा पर्याप्त पलंग नहीं होने, गंदगी और खराब लाइटों समेत कई खामियां सामने आईं। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अधीक्षक से जवाब मांगा है। 27 अगस्त को कलेक्टर ने उत्कृष्ट छात्रावास हर्रई का निरीक्षण किया। छात्रावास में बच्चों के लिए सुबह 6रू50 बजे उठने, 7 बजे नाश्ता और 9रू30 बजे भोजन की व्यवस्था निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान इन निर्धारित समयों पर व्यवस्थाएं संचालित नहीं मिलीं। इसे छात्रावास संचालन में लापरवाही माना गया है।
बच्चों से कराई जा रही थी सफाई ०००००
निरीक्षण में छात्रावास की अधिकांश लाइटें खराब मिलीं। इससे कमरों और परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। वहीं रविवार को बच्चों से झाड़ू-पोछा करवाए जाने की बात भी सामने आई। इन सभी बिंदुओं को नोटिस में गंभीरता से लिया गया है।
अधीक्षक पद से हटाने की दी चेतावनी ००००००
कारण बताओ नोटिस में अधीक्षक पर कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने का उल्लेख किया गया है। उनसे पूछा गया है कि उन्हें अधीक्षक पद से मुक्त क्यों न किया जाए। विभाग ने संबंधित नियमों का हवाला देते हुए निर्धारित समय में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। जवाब संतोषजनक नहीं होने या समय पर जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है
