
छिंदवाड़ा. जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा जनसंवाद एवं मैदानी निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मैदानी भ्रमण के दौरान नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय ने वार्डों में संचालित विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। आयुक्त श्री राय ने सीवर संबंधी कार्यों पर पुन: अपनी सख्त अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित उपयंत्री को तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि सीवरेज से जुड़ी शिकायतों और तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही आयुक्त ने मैदानी अमले को शासन की समस्त जन-हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित आवेदनों का समय-सीमा में त्वरित निराकरण करने हेतु निर्देशित किया, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। भ्रमण एवं जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान नगर निगम उपायुक्त कमलेश निरगुड़कर, काार्यपान यंत्री हिमांशु अतुलकर, सहायक यंत्री विवेक चौहान एवं ब्रजेश पांडे, कार्यालय अधीक्षक मोहन नागदेव, योजना लिपिक श्रीमती सुषमा माथुर, एनयूएलएम प्रभारी उमेश पयासी, राजस्व निरीक्षक ऋषभ स्थापक, अन्य मैदानी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
मौके पर जारी किए 5 विवाह प्रमाण पत्र ०००००००००
नगर निगम अधिकारियों के द्वारा नागरिक सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर ही 5 पात्र हितग्राहियों को विवाह प्रमाण पत्र जारी कर सौंपे गए। भ्रमण के दौरान पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं नालियों की साफ-सफाई से जुड़ी जनसमस्याओं का भी मौके पर ही जायजा लिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं निगम अमले द्वारा वार्डों में जनसंवाद कर जनसमस्याओं के निराकरण किया ।
