
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में लवकुशनगर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अवैध हथियार फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्राम किशनपुरा से जीतेंद्र उर्फ राजू राजपूत और उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के खजुरिया पहरा से कामता प्रजापति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान किशनपुरा में अवैध कट्टा निर्माण की सूचना मिली थी। दबिश देकर जीतेंद्र को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने महोबा जिले में कामता प्रजापति द्वारा हथियार बनाने की जानकारी दी, जिसके बाद यूपी में भी दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
दोनों ठिकानों से 315 बोर और 12 बोर के देशी कट्टे, अधबने कट्टे, नाल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों द्वारा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अवैध हथियार बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
