हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार,17 मई (वार्ता) उत्तराखंड के हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर रविवार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने 112 नंबर पर फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी थी।

जानकारी के अनुसार आज तड़के सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी। कॉल के दौरान आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश एवं राज्य के उच्च पदाधिकारियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रकरण में कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा थाना यमकेश्वर जनपद पौड़ी गढ़वाल, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह हरकत की थी। पुलिस जांच में आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

 

Next Post

जस्टिस हिरदेश और जस्टिस बिनोद द्विवेदी को दी गई विदाई 

Sun May 17 , 2026
जबलपुर। मप्र उच्च न्यायालय में दो जजों को फुल कोर्ट विदाई दी गई। जस्टिस हिरदेश और जस्टिस बिनोद कुमार द्विवेदी का रिटायरमेंट समर वेकेशन के दौरान होना है। इसी वजह से उन्हें वेकेशन की शुरुआत से पहले ही विदाई दी गई। समारोह में उनके कार्यकाल की सराहना की गई। समारोह […]

You May Like