सिंगरौली : पुरवा-खड़ौरा संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे किए गए कथित अतिक्रमण, घरों के सामने मिट्टी डाले जाने तथा नाली का पानी सड़क पर छोड़े जाने से पूरा मार्ग कीचड़ और जलभराव की चपेट में आ गया है।बरसात के दौरान सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जगदीश साहू, सनातन साहू, गंगा साहू एवं पप्पू साहू द्वारा अपने घरों के सामने सड़क पर मिट्टी डालने और नाली का पानी बहाने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
इससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और पंचायत प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सड़क से कथित अतिक्रमण हटाने, नाली के पानी की उचित निकासी की व्यवस्था करने तथा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात में आवागमन और अधिक संकटपूर्ण हो जाएगा।
