हनोई, 23 जनवरी (वार्ता) वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी (सीवीपी) के 14वें राष्ट्रीय कांग्रेस के समापन पर टो लैम को 2026-31 के कार्यकाल के लिए एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी का महासचिव चुना गया है। पार्टी की नवनिर्वाचित केंद्रीय समिति की शुक्रवार सुबह हुई पहली बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। स्थानीय मीडिया वीएनए के अनुसार आशा की जा रही है कि श्री लैम को दोबारा सत्ता साैंपने से देश में राजनीतिक स्थिरता और निरंतरता का संदेश मिलेगा, क्योंकि वियतनाम ने अपनी स्थापना के शताब्दी वर्ष 2045 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अपनी नयी यात्रा शुरू कर दी है। बैठक के बाद जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने लोकतांत्रिक केंद्रीयता के सिद्धांतों के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया है। वियतनाम ने विकास के नए प्रतिमानों को स्थापित करते हुए अगले पांच वर्षों के लिए एक महत्वाकांक्षी आर्थिक संकल्प अपनाया है, जिसमें 2026 से 2030 के बीच कम से कम 10 प्रतिशत की औसत वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) विकास दर का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही दशक के अंत तक देश की प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाकर 8,500 अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने की योजना है। इस नई नीति के तहत विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी अर्थव्यवस्था में 28 प्रतिशत और डिजिटल अर्थव्यवस्था का योगदान 30 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य है। उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने श्रम उत्पादकता में वार्षिक 8.5 प्रतिशत की दर से बढ़ोतरी करने पर भी विशेष जोर दिया है।
राष्ट्रीय विकास के अगले चरण में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को मुख्य चालक के रूप में पहचानते हुए वियतनाम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भारी निवेश और कार्यबल विकास का फैसला किया है। इसके साथ ही सरकार ने कानूनों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए व्यापक संस्थागत सुधारों का खाका तैयार किया है ताकि व्यापार करने की लागत को कम किया जा सके। स्थानीय अधिकारियों को अधिक स्वायत्तता देने और विकेंद्रीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी संकल्प लिया गया है, जिससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
सामाजिक और पर्यावरणीय लक्ष्यों की ओर बढ़ते हुए वियतनाम ने 2030 तक मानव विकास स्तर को बढ़ाने और औसत जीवन प्रत्याशा को 75.5 वर्ष तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी ने गरीबी उन्मूलन अभियान को और तेज करते हुए गरीबी दर में वार्षिक 1.5 प्रतिशत की कमी लाने का संकल्प जताया है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए देश ने वन क्षेत्र को 42 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने और ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन में 9 प्रतिशत तक की कटौती करने का लक्ष्य रखा है। ये सभी प्रयास वियतनाम के उस दीर्घकालिक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं जिसके तहत देश की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर यानी 2045 तक इसे एक उच्च आय वाली विकसित अर्थव्यवस्था बनाना है।

