
सीधी। जमोड़ी थाना क्षेत्र में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 4 सितम्बर को रज्जन कोरी अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था, तभी पेट्रोल टंकी तेंदुआ के पास ईंट-भट्टा में काम करने वाला एक व्यक्ति उससे भिड़ गया। बाद में उसके दो-तीन साथी भी आ गए और लाठियों व डंडों से रज्जन को पीट-पीटकर घायल कर दिया। मारपीट के बाद उसे कमरे में बंद कर दिया गया। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने धारा 115(2), 351(2), 351(5), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने इसकी पुष्टि की।
