आर्लिंगटन (अमेरिका) 15 जून (वार्ता) जापान के दाइची कामाडा ने फीफा विश्वकप 2026 ग्रुप एफ के एक रोमांचक मुकाबले में आखिरी समय में गोल दागकर नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रा करा दिया।
डलास स्टेडियम में रविवार रात खेले गये मुकाबले में जापान के खिलाफ नीदरलैंड्स फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत एक शानदार जीत के साथ करने के बेहद करीब था। लेकिन जापानी खिलाड़ी दाइची कामाडा ने 89वें मिनट में शानदार गोल किया और मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। और दोनों टीमों ने अंक बांटे।
मैच के लंबे समय तक नीदरलैंड्स का दबदबा बना रहा। उन्होंने गेंद पर पूरा नियंत्रण रखा, शुरुआती दौर में बेहतर मौके बनाए और हाफ टाइम से पहले जापानी गोलकीपर जायोन सुजुकी को कई शानदार बचाव करने पर मजबूर किया। 51वें मिनट में वर्जिल वैन डाइक ने बॉक्स के अंदर सबसे ऊंची छलांग लगाते हुए रयान ग्रेवेनबर्च के शानदार पास पर हेडर से गोलकर इस गतिरोध को तोड़ा। महज छह मिनट बाद, ताकेफुसा कुबो के शानदार पास पर कीटो नाकामुरा ने बॉक्स के बाहर से गोलकर स्कोर बराबर कर दिया। 64वें मिनट में क्रिसेंसियो समरविले के गोल से नीदरलैंड्स ने बढ़त बना ली और स्कोर 2-1 कर दिया। लेकिन आखिरी समय में कामाडा ने गोलकर मैच को ड्रा करा दिया।
नीदरलैंड्स ने पहले कभी ऐसा वर्ल्ड कप मैच नहीं गंवाया था जिसमें वे दो बार आगे रहे हों, लेकिन जापान के एक आखिरी कॉर्नर किक पर बार्ट वर्ब्रूगन के गोल में गेंद जाने के बाद यह रिकॉर्ड टूट गया।
