
रीवा, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नगर निगम के टाउन हॉल में आयोजित प्रदेश स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया. उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ध्वजारोहण किया. इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. समारोह में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की विकास योजनाओं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है. देश के विकासशील राज्यों में मध्यप्रदेश सबसे आगे है. स्थापना दिवस पर मैं सभी को बधाई देता हूं. प्रदेश के विकास में हर व्यक्ति अपना योगदान दे. मध्यप्रदेश कभी बेरोजगारी सिंचाई तथा सडक़ों का समुचित विकास न होने और औद्योगिक निवेश में कमी के कारण बीमारू राज्य था. प्रदेश में 2003 के बाद तेजी से विकास के कार्य हुए. जनता के परिश्रम और सरकार की सही नीति के कारण विकास का पहिया अब तेजी से घूम रहा है.
उप मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस समारोह में लगाए गए प्राकृतिक खेती तथा श्रीअन्न के स्टॉल की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम सबको धरती को बचाने के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना अनिवार्य है. प्राकृतिक खेती से ही माटी और मानव दोनों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. रासायनिक खादों का उपयोग सीमित करके फसल में जैविक खादों का उपयोग करें. महिला स्व सहायता समूह को भी श्रीअन्न के विपणन से जोड़ा जाएगा. उप मुख्यमंत्री ने गौ सेवा, प्राकृतिक खेती, जैविक खाद के उपयोग तथा जल जीवन मिशन के कार्यों के संबंध में भी जानकारी दी.
समारोह में रंगारंग संस्कृत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक तथा ज्योति सीनियर सेकण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किए. सांदीपनि विद्यालय मनगवां के विद्यार्थियों की सुंदर प्रस्तुति ने सबका मन मोहा. समारोह में जिले की मॉडल स्कूल की छात्रा मानसी सिंह को श्री कृष्ण पाथेय न्यास द्वारा एक लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया. समारोह में तीन किसानों को भी ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और ई स्कूटी प्रदान की गई. समारोह में लोकतंत्र के प्रहरियों को सम्मानित किया गया. समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, पार्षदगण, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, राजगोपाल मिश्रचारी, स्थानीय जनप्रतिनिगण, अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकारणगण, विद्यार्थी तथा आमजन उपस्थित रहे.
