
इंदौर। केंद्रीय जेल इंदौर में देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल रहा। भारत के राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” की रचना के 150 वर्ष और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जेल परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर इंदौर लोकसभा सांसद शंकर लालवानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर भाजपा उपाध्यक्ष दीप्ति हाडा, प्रदेश खेल प्रकोष्ठ सह-संयोजक सर्वजीत गौड़, नगर मंत्री स्वाति काशिद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया कि केंद्रीय जेल अधीक्षक श्रीमती अलका सोनकर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जेल अधीक्षक ने सांसद लालवानी और अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बंदी भाइयों और बंदिनी बहनों ने “वंदे मातरम” की थीम पर देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर कर दिया। सांसद लालवानी ने अपने संबोधन में कहा कि जेल अधीक्षक श्रीमती सोनकर द्वारा किए जा रहे नवाचार व सुधारात्मक प्रयास सराहनीय हैं, जो बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। कार्यक्रम का संयोजन उप अधीक्षक इंद्र सिंह नागर, लडिया और वरिष्ठ परिवीक्षा कल्याण अधिकारी अभिषेक दांगी ने किया, जबकि संचालन हरप्रीत बक्षी ने किया। समापन शुभांगी परुलकर के मधुर “वंदे मातरम” गायन से हुआ।
