अहमदाबाद, 28 जुलाई (वार्ता) एम एंड बी इंजीनियरिंग लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 30 जुलाई को खुलेगा और इसमें 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले शेयर के आवेदन मूल्य का दायरा 366 से 385 रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया गया है।
कंपनी ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि उसका आईपीओ बुधवार, 30 जुलाई को खुलेगा और शुक्रवार 01 अगस्त को बंद होगा। एंकर निवेशक मंगलवार को बोली लगा सकेंगे। छोटे निवेशक न्यूनतम 38 या उसकी गुणक संख्या में शेयरों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह निर्गम प्रस्तावित 650 करोड़ रुपये तक का है, जिसमें 275 करोड़ रुपये मूल्य तक के नये इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और वर्तमान शेयरधारक शेयर बाजार में 375 करोड़ रुपये मूल्य तक के शेयर बिक्री के प्रस्ताव (ओएफएस) के तहत बेचने वाले हैं।
कंपनी ने आईपीओ के पैसे से उपकरण और मशीनरी की खरीद, भवन तथा सौर रूफटॉप ग्रिड के निर्माण और वाहनों की खरीद की योजना बना रखी है। इसके अलावा वह इस पैसे से सूचना प्रौद्योगिकी सॉफ्टवेयर उन्नयन तथा पुराने ऋणों के पूर्व-भुगतान करेगी और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्य पूरे करेगी।
