इंदौर: यात्रियों को बेहतर सुविधाओं और यादगार अनुभव देने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया 17 सितंबर को देशभर में ‘यात्री सेवा दिवस’ मनाएगी. इंदौर एयरपोर्ट भी इस मौके पर खास रंगों से सजेगा, जहां पारंपरिक तरीके से यात्रियों का स्वागत होगा और कई आकर्षक आयोजन पूरे दिन माहौल को उत्सव जैसा बनाएंगे.
सुबह से ही एयरपोर्ट का नजारा बदला-बदला नजर आएगा. टर्मिनल में प्रवेश करते ही यात्रियों को तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा.
डिपार्चर और अराइवल हॉल में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां और नृत्य-धुनें रौनक बढ़ाएंगी. एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि स्टाफ इस दौरान यात्रियों की हर जरूरत पर विशेष ध्यान देगा. इस विशेष दिन पर यात्रियों की सेहत का ख्याल रखने के लिए परिसर में नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप लगाया जाएगा. इसमें बीपी और शुगर जैसी सामान्य जांचें कराई जा सकेंगी.
साथ ही रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से ब्लड डोनेशन कैंप भी होगा, जिसमें यात्री और कर्मचारी दोनों भाग ले सकेंगे. यात्रा में शामिल बच्चों के लिए पेंटिंग और म्जि प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. विजेता बच्चों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे. एयरपोर्ट परिसर में रंग-बिरंगे बैनर, पोस्टर और सेल्फी प्वाइंट सजाए जाएंगे, ताकि यात्री इस खास दिन को यादगार बना सकें.
