
सीधी ।जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन अव्यवस्थाओं के साए में संचालित हो रहा है। शनिवार रात एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कई गाय और बैल अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर बीएमओ के चेंबर तक घूमते एवं बैठे दिखाई दे रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन में पिछले माह ही एक मरीज के बेड़ पर कुत्ते के आराम फरमाने का वीडियो वायरल हुआ था। यह मामला भी काफी सुर्खियों में बना रहा। जिस पर जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से दोषियों पर कार्यवाही का आश्वासन देते हुए नोटिस भी जारी हुई थी। लेकिन कोई सार्थक कार्यवाही न होने के कारण अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन के अंदर गाय-बैलों के स्वच्छंद विचरण एवं बैठने का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रात्रिकालीन ड्यूटी जिन स्वास्थ्य कर्मचारियों की लगती है वह पूरी तरह से स्वेच्छाचारी रहते हैं। कुछ कर्मचारी उपस्थित रहते हैं तो अन्य नदारद रहते हैं। जिसके चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन की व्यवस्थाएं लगातार पटरी से उतरी हुई है। रात के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन में एक डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वाय और स्वीपर की ड्यूटी रहती है फिर भी रात में मवेशियों के अस्पताल के अंदर विचरण करने और बैठने पर अंकुश लगाने की जरूरत नहीं समझी जाती। यहां के अस्पताल में डिलेवरी की सुविधा भी है। ऐसी स्थिति में नवजात शिशुओं और प्रसूता महिलाओं को संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। सोशल मीडिया में सतीश कुमार चतुर्वेदी द्वारा वीडियो शेयर करते हुए अस्पताल को गौशाला कहा है। सोशल मीडिया में अस्पताल के अंदर मवेशियों की मौजूदगी एवं गोबर करने के मामले में लोगों की काफी नाराजगी भी लगातार सामने आ रही है। इस लापरवाही पर जिम्मेदारों पर कार्यवाही की मांग की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरे की नहीं होती निगरानी –
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी द्वारा उसकी निगरानी न करने के कारण इस तरह की लापरवाहीपूर्ण घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। यदि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थल में मवेशियों का विचरण एवं आवाजाही होती है वह काफी चिंता की बात है। इस पर दोषियों के विरुद्ध यदि कार्यवाही नहीं होती है तो स्पष्ट है कि ऐसे लापरवाहों को बढ़ावा दिया जा रहा है। यदि कुत्ता के मरीजों के बीच बैड में बैठने के वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लिया जाता तो दोषियों को नोटिस जारी करने के बाद उन पर प्राथमिकता से कार्यवाही भी की जाती। नोटिस देेकर केवल औपचारिकताएं निभाने के कारण ही रामपुर नैकिन अस्पताल में सुरक्षा को लेकर लापरवाही बनी हुई है।
इनका कहना है-
पीएचसी रामपुर नैकिन में रात में गार्ड एवं चपरासी की कोई व्यवस्था नहीं है। रात में भी मरीजों के आने से चैनल गेट बंद नहीं किया जा सकता।इस वजह से कभी-कभी मवेशियों के आने की समस्या सामने आती है। गार्ड के लिए सीएमएचओ को पत्र पूर्व में ही भेजा गया है। अब तात्कालिक रूप से दिन में रहने वाले चपरासी की ड्यूटी रात में लगाई जा रही है।
डॉ.प्रेरणा त्रिपाठी, सीबीएमओ रामपुर नैकिन
