
जबलपुर। शहर में रविवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। पिछले कई दिनों से जारी तीखी धूप और उमस के बाद सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। दिनभर मार्तंड और बादलों के बीच आंख-मिचौली का दिलचस्प दौर चलता रहा। कभी धूप खिलती तो कभी घने बादल सूरज को पूरी तरह ढक लेते। सूर्यदेव और बादलों के बीच चली लुका-छिपी से हुए खुशनुमा बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना होने के कारण चहल-पहल भी देखी गई।
ऐसा रहा तापमान-
रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा । न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा । सुबह के वक्त आद्रता 52 और शाम को 33 प्रतिशत दर्ज की गई । उत्तर-पश्चिमी हवाएं 6 से 7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।
आंधी चलने की चेतावनी
मौसम विभाग की माने तो आगामी 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और भागों, लक्षद्वीप क्षेत्र, केरल एवं तमिलनाडु के कुछ भागों, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य पूर्व-मध्य तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों तथा दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के शेष भागों में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से शहर में आंधी चलने की संभावना है । 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है ।
