इंदौर: हीरानगर थाना पुलिस ने लगभग एक साल पुराने मामले में 24 वर्षीय युवती की शिकायत पर अब प्रकरण दर्ज किया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के माध्यम से भोपाल में रहने वाले 26 वर्षीय गगन नामदेव से हुई थी. शुरुआती दिनों में सामान्य बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई, लेकिन कुछ समय बाद युवक उसका पीछा करने लगा और उस पर शक जताते हुए जबरन मिलने का दबाव बनाने लगा.
पीडिता ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर 2025 को गगन बिना बताए उसके घर पहुंच गया था, युवती द्वारा मिलने से इंकार करने पर वह गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद जब पीड़िता ऑफिस के लिए निकली तो गगन पीछा करते हुए बंगाली चौराहा स्थित उसके कार्यस्थल तक पहुंच गया. वहां खड़े होकर उसने धमकी दी कि यदि वह उससे बात नहीं करेगी तो वह आत्महत्या कर खुद को नुकसान पहुंचाकर उसे फंसा देगा.
युवती ने आरोप लगाया कि ऑफिस के बाहर गगन ने उसका हाथ पकड़कर जबरन साथ चलने का दबाव बनाया और धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसे जान से मार देगा या खुद मर जाएगा. डर के चलते वह उस समय शिकायत नहीं कर सकी. अब मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है.
