नौकरी के अवसरों की कमी ने जंतर मंतर पर बढ़ाया युवाओं को गुस्सा

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) शुक्रवार को दोपहर का समय बीत चुका है और दिल्ली के जंतर मंतर पर हज़ारों युवा महिला-पुरुष विरोध प्रदर्शन में जुटे हैं। यह प्रदर्शन एक महीने से ज्यादा समय से चल रहा है, लेकिन आज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के देशव्यापी आंदोलन के आह्वान के बाद इसमें नया जोश आ गया है। सीजेपी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की अपनी मांग मनवाने के लिए सरकार पर दबाव बनाना चाहती है।

कनॉट प्लेस के पास जनपथ स्थित आलीशान इंपीरियल होटल से जंतर-मंतर की ओर मुड़ने वाली संकरी गली को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। जंतर-मंतर 18वीं सदी की शुरुआत में जयपुर के सवाई मान सिंह द्वारा बनवाई गई एक वेधशाला है।

दंगा-रोधी पुलिस ने तीन-तीन की कतारों में अपनी घेराबंदी कर ली है लेकिन लड़के-लड़कियां—जिनमें दिल्ली और उसके आस-पास के विश्वविद्यालयों के छात्र शामिल हैं, और यहां तक कि गुवाहाटी से लेकर पुणे जैसी दूर-दराज़ जगहों से आए छात्र भी शामिल हैं पुलिस की घेराबंदी से बचते-बचाते अंदर आ रहे हैं। वे उस विरोध-प्रदर्शन में अपने साथियों के साथ शामिल हो रहे हैं जिसने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

सीजेपी ने कुछ हफ़्ते पहले देश भर के मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों में नामांकन के लिए इस साल मई में आयोजित नीट परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। सोमवार को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर सख़्ती की, उन्हें खदेड़ा और कई लोगों की पिटाई की, जिससे कई लोग अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से कई लोगों को आंख और सिर में चोटें आईं।

प्रतियोगी परीक्षाओं में लीक की समस्याओं ने युवाओं का मनोबल तोड़ा है। 1990 के दशक से भारत की युवा आबादी, शिक्षा का स्तर और जीडीपी तो तेज़ी से बढ़े हैं लेकिन नौकरी के अवसर उस रफ़्तार से नहीं बढ़ पाए। इससे गहरी निराशा उत्पन्न हुई जो शायद बस एक चिंगारी का इंतज़ार कर रही थी ताकि बाहर आ सके।

देश में 15 से 29 साल की उम्र के लगभग 36.7 करोड़ लोग हैं जो शायद दुनिया में युवाओं की सबसे बड़ी आबादी है। इसे लंबे समय से युवा आबादी से मिलने वाला फ़ायदा कहा जाता रहा है। हालांकि, इस फायदा का सही इस्तेमाल करना कोई आसान काम नहीं रहा है।

हालांकि भारत की जीडीपी किसी भी बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था के मुकाबले सबसे तेज़ी से बढ़ने वालों में से एक रही है और कई बार यह सात प्रतिशत से ज़्यादा रही है लेकिन ‘सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी’ के ताज़ा आंकड़ों से पता चलता है कि बेरोज़गारी दर लगातार ऊंची बनी हुई है और इस साल जून में यह लगभग 6.64 प्रतिशत थी।

स्नातकों के बीच बेरोजगारी और भी ज़्यादा है। इस साल अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के एक अध्ययन में सामने आया है कि 25 से 29 साल की उम्र के स्नातकों में बेरोजगारी लगभग 20 प्रतिशत है।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के पूर्व प्रोफेसर डॉ. बिस्वजीत धर कहते हैं, “इन प्रदर्शनों से पता चलता है कि हम देश के बहुचर्चित जनसांख्यिकीय लाभांश को उस आर्थिक तरक्की में बदलने में कामयाब नहीं हो पाए हैं, जिसका वादा बेहतर शिक्षा पाने वाली पीढ़ी से किया गया था।”

‘स्टेट ऑफ़ वर्किंग इंडिया 2026’ नामक अध्यन के अनुसार, 2004-05 और 2023 के बीच हर साल लगभग 50 लाख स्नातक जुड़े लेकिन उनमें से सिर्फ़ 28 लाख को ही नौकरी मिली और इनमें से भी बहुत कम लोगों को सैलरी वाली नौकरी मिली, जिसके कारण स्नातक लोगों में बेरोज़गारी बढ़ी और कमाई में बढ़ोतरी की रफ़्तार धीमी हुई।

मानव संसाधन कंपनियां मानती हैं कि भारत के कई हिस्सों में इंजीनियरों की शुरुआती सैलरी 30,000 रुपये प्रति महीना तक ही हो सकती है और एचआर सलाहकारों का कहना है कि पिछले 8-10 सालों में इस आंकड़े में ज़्यादा बदलाव नहीं आया है। मिश्रा ने कहा, “अच्छी नौकरियां बहुत कम हैं इसलिए प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए होड़ मची है और डर यह है कि ये परीक्षाएं अब औसत युवाओं के लिए मुश्किल हो चुकी हैं।”

चारों ओर शोर सुनाई दे रहा है। सीजेपी नेता अभिजीत दिपके ने घोषणा की है। अब सभी के खड़े होकर राष्ट्रगान गाने का समय आ गया है।

जब भीड़ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाती है तो लोगों के चेहरों गर्व की चमक दिखाई देती है। यहां तक कि ज़रूरत पड़ने पर छात्रों को संभालने के लिए तैनात, लाठियां लिए घूम रहे पुलिसकर्मी भी सावधान की मुद्रा में खड़े हो जाते हैं। दिल्ली के काले बादलों के बीच से सूरज कुछ देर के लिए ही सही, पर झांकता है।

 

 

 

Next Post

बरगवां में टैंकर ने ऑटो को मारी टक्कर, तीन घायल

Fri Jul 24 , 2026
सिंगरौली । जिले के बरगवां के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर शुक्रवार को टैंकर ने खड़ी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दिया। ऑटो में सवार तीन यात्रियों को गंभीर चोटे आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर […]

You May Like