
*संचालकों के घर-ऑफिस पर भी दस्तावेजो की पड़ताल, टैक्स चोरी की शिकायत पर छापा*
नवभारत न्यूज
ग्वालियर। आज बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने परिवार हॉस्पिटल और परिवार ग्रुप के अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। आयकर की आधा दर्जन से ज्यादा टीमों ने परिवार हॉस्पिटल के दो ठिकानों के साथ ही संचालकों के घर और ऑफिस पर एक साथ कार्रवाई की।
मांढरे की माता मंदिर के पास स्थित परिवार सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर और हॉस्पिटल रोड स्थित परिवार हॉस्पिटल में कार्रवाई की गई है। टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद आयकर विभाग की टीम ने संबंधित दस्तावेजो को खंगाला। छापे को लेकर अधिकारियों की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है।
बुधवार दोपहर जैसे ही परिवार हॉस्पिटल पर आईटी की रेड की खबर फैली, मार्केट में हड़कंप मच गया। अन्य हॉस्पिटल के संचालक भी अपने-अपने ऑफिस से गायब हो गए। परिवार हॉस्पिटल के बाहर पुलिस जवान पहरा देते रहे जबकि अंदर आयकर टीम ने छानबीन की।
आयकर विभाग के अफसरों ने परिवार हॉस्पिटल में पहुंचकर सीधे संचालक और अकाउंट ऑफिसर के दफ्तर पर कब्जा कर दस्तावेज खंगालने शुरू किए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितनी आयकर चोरी सामने आई है, लेकिन अफसरों की गहन जांच से मामला बड़ा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
आयकर विभाग ने छापे की कार्रवाई से पहले ही फोर्स को अलर्ट कर दिया था। मरीजों के अटेंडेंट को भी कड़ी पूछताछ के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
