
नीमच। शहर में दूषित पानी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जलकल सभापति छाया जायसवाल ने हिंगोरिया फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लांट पर गंभीर अव्यवस्थाएं और ठेकेदार की लापरवाही सामने आई, जिस पर सभापति ने सख्त निर्देश दिए।
सोमवार को निरीक्षण के दौरान सभापति जायसवाल ने पाया कि शहर को पानी सप्लाई करने वाले मुख्य टैंकों के तल में भारी मात्रा में मिट्टी जमी हुई थी। इसी कारण शहरवासियों को मटमैला और दूषित पानी मिल रहा था। इसके अतिरिक्त, पानी का बहाव मापने वाले फ्लो मीटर भी बंद पाए गए।
युद्धस्तर पर सफाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सभापति ने तत्काल बंद फ्लो मीटरों को चालू करने और टैंकों से मिट्टी हटाकर उनकी युद्धस्तर पर सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदार को व्यवस्था में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि ठेकेदार की लगातार लापरवाही के कारण शहर की जल प्रदाय व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है।
लापरवाही पर ठेकेदार को मिली कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान जलकल सभापति छाया जायसवाल के साथ वीरेंद्र जायसवाल, नपा केमिस्ट सुरेश पंवार, संबंधित ठेकेदार आकाश गुप्ता और नगर पालिका के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सभापति ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
