चुरहट नगर परिषद में घटिया नाली निर्माण की जांच शुरू, कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची 4 सदस्यीय टीम

सीधी। नगर परिषद चुरहट में गुणवत्ताविहीन नाली नाली निर्माण की शिकायत नपं उपाध्यक्ष के करने पर कलेक्टर के निर्देश के बाद जांच करने चार सदस्यीय टीम पहुंची। अब सवाल यह है कि नाली निर्माण के जांच की दोषियों तक आंच पहुंचेगी!

दरअसल जिले के नगर परिषद चुरहट में घटिया निर्माण की पोल खुलने के बाद कोहराम मचा हुआ है। एक तरफ संबंधित उपयंत्री को सीएमओ द्वारा नोटिस भेज कर जहां जवाब तलब किया गया है वहीं उपाध्यक्ष अजय पाण्डेय की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश पर 4 सदस्यीय टीम द्वारा मौके से पहुंच कर जांच शुरू कर दी गई है। चुरहट नगर परिषद अंतर्गत चल रहे घटिया निर्माण कार्यों को लेकर उपाध्यक्ष अजय पाण्डेय एवं समाजसेवी प्रदीप सिंह द्वारा लगातार स्थानीय प्रशासन को जहां अवगत कराया जा रहा था वहीं इस बात को सार्वजनिक करने के लिए सोशल मीडिया में शेयर किया जाता रहा, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त उपयंत्री को इनकी शिकायतो का कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा था। अब जब कलेक्टर विकास मिश्रा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू करा दी तो उनके परिजन भी सोशल मीडिया में सफाई देने लगे हैं। हालांकि शुक्रवार को कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच टीम ने बीछी रोड चुरहट में नगर परिषद् द्वारा निर्मित घटिया नाली क्षतिग्रस्त होने एवं वार्ड क्र.14 नप चुरहट अंतर्गत निर्माणाधीन/निर्मित नाली में गंभीर गुणवत्ताविहीन निर्माण की जांच शुरू कर दी है।

जांच के प्रयोगशाला भेजा गया सैम्पल

घटिया निर्माण कार्य की जांच करने पहुंची संयुक्त टीम ने मौके पर उपलब्ध मटेरियल एवं निर्माण कार्य में लगे मटेरियल की सैम्पलिंग कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि जांच टीम द्वारा मौके पर की गई जांच का प्रतिवेदन प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद ही सौंपी जाएगी। बता दें कि इस पूरे मामले को लेकर चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद ने गंभीरता दिखाते हुए शिकायत के आधार पर 7 मई को कलेक्टर डूडा को पत्र लिखकर जांच कराने के बात रखी थी। एसडीएम के पत्र पर कलेक्टर डूडा ने एसडीएम के ही नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गठित की है। मौके पर पहुंची जांच टीम की जानकारी मिलते ही समूचे नगर परिषद चुरहट में हडक़म्प मच गया है।

जांच टीम में ये रहे शामिल

नगर परिषद चुरहट के उपाध्यक्ष अजय पाण्डेय एवं समाजसेवी प्रदीप सिंह की शिकायत पर एसडीएम द्वारा कलेक्टर डूडा को लिखे गए पत्र में टेक्निकल अधिकारियों से जांच कराने की मांग उठाई थी, जिस पर कलेक्टर डूडा ने एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद के नेतृत्व में साक्षी गौतम तहसीलदार चुरहट के साथ साथ कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एवं कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीधी को शामिल किया गया है। उक्त टीम द्वारा चुरहट नगर परिषद में कराए गए घटिया निर्माण कार्यों की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इसके पूर्व घटिया निर्माण कार्य उजागर होने पर चुरहट नगर परिषद सीएमओ ने भी उपयंत्री को पत्र लिखकर जवाब मांगा था। कुल मिलाकर यह साफ हो गया है कि अगर ईमानदारीपूर्वक कार्यवाही की गई तो उपयंत्री एवं संबंधित संविदाकार के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना तय है।

इनका कहना है

कलेक्टर के निर्देश पर निर्माण कार्य की जांच शुरू कर दी गई है, टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में उपयोग किए गए मटेरियल का सैम्पल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही होगी।

विकास कुमार आनंद, एसडीएम चुरहट

Next Post

जनता भाजपा पर भरोसा करती है, इस भरोसे को हमें बनाए रखना है: उपमुख्यमंत्री

Sun May 17 , 2026
रीवा। भारतीय जनता पार्टी रीवा जिले का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के शनिवार को समदडिय़ा गोल्ड आयोजित हुआ. प्रदेश जिला पदाधिकारी विधायक जिला पंचायत अध्यक्ष से लेकर प्रदेश जिला स्तरीय पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष और महामंत्री अपेक्षित किए गए हैं. उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा एवं भाजपा […]

You May Like