सीधी। जिला अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी से पहले एक प्रसूता की मौत के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और महिला डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दावा किया कि ऑपरेशन से पहले लगाए गए इंजेक्शन के कुछ ही मिनटों बाद प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने ऑपरेशन थिएटर के सामने विरोध प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर, एसडीएम और पुलिस बल भी जिला अस्पताल पहुंच गया।
वहीं जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस.बी. खरे ने बताया कि प्रसूता को सिजेरियन डिलीवरी के लिए ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया था और आवश्यक परीक्षणों के बाद प्रक्रिया शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
