दमोह: शहर के शा. ई.जे.एफ. जेपीबी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली करीब आधा दर्जन छात्राएं मंगलवार सुबह अचानक बीमार हो गईं। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।छात्राओं ने बताया कि सुबह उन्होंने मूंग दाल, चावल और रोटी खाई थी। इसके बाद पेट दर्द और उल्टी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
छात्राओं में सुहानी लोधी पिता मनीष, उम्र 15 वर्ष, निवासी कनेपुर, कक्षा 11वीं व स्वाति पिता भानु प्रताप कुर्मी उम्र 13 वर्ष, कक्षा 10वीं दोनों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। प्राथमिक उपचार के बाद दीक्षा लोधी, उम्र 12 वर्ष, नेहा और हर्षिता डॉक्टर जावेद खान के अनुसार हालत ठीक होने पर इन्हें प्राथमिक उपचार कर हॉस्टल वापस भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के शिक्षक शरद मिश्रा अस्पताल पहुंचे और छात्राओं से जानकारी ली। हॉस्टल की रसोइया द्रोपती राठौर भी छात्राओं के साथ मौजूद है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
