ग्वालियर। थाना तिघरा क्षेत्र के ग्राम कुलैथ में आगामी 13 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश, निकास, मंच, बैठक व्यवस्था और पार्किंग की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरानउ सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। वीआईपी मूवमेंट, आम जनता की सुविधा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर पुख्ता प्रबंध किए जाएं।पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन के दौरान आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम किया जाए।
