
सीधी। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने और जिले से नशे की जड़ें काटने हेतु पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए थाना बहरी पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार
थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लौआ का निवासी अजय रावत, लौआ देवी मंदिर परिसर में अवैध नशीले पदार्थ स्मैक की बिक्री करने के उद्देश्य से ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल योजना बनाई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदेही ने भागने का प्रयास किया, जिसे स्टाफ के द्वारा काबू किया गया।
गवाहों की मौजूदगी में आरोपी अजय रावत की तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से 4 ग्राम 26 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 12,000 रुपये है। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से तस्करी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी अजय रावत के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। नशे के विरुद्ध इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, आरक्षक चैतन्य मिश्रा, आरक्षक राजकमल भुर्तिया एवं हमराही स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सीधी पुलिस ने आम जन से अपील किया है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें ताकि नशा मुक्त भारत’ का संकल्प पूरा किया जा सके।
