रेहटी। प्रमाणित बीज खरीदकर बेहतर उत्पादन की उम्मीद लगाए किसान को इस बार निराशा हाथ लगी है. रेहटी तहसील के ग्राम गेंहूंखेड़ा में धान की फसल 140 दिन बाद भी बालियां नहीं आने से प्रभावित हो गई है. किसान ने 120 दिन में फसल तैयार होने की जानकारी के आधार पर बीज की बोवनी की थी, लेकिन निर्धारित अवधि से अधिक समय बीतने के बाद भी फसल में बालियां नहीं आईं. किसान का आरोप है कि उसने बीज, खाद, दवा और सिंचाई पर हजारों रुपए खर्च किए, लेकिन अब पूरी फसल से उत्पादन मिलने की उम्मीद कम हो गई है. मामले में बीज की गुणवत्ता को लेकर किसान ने कृषि मंत्री को शिकायत भेजकर जांच और नुकसान के मुआवजे की मांग की है.
मामला रेहटी तहसील के ग्राम गेंहूंखेड़ा निवासी किसान ओमप्रकाश चौहान का है. किसान के अनुसार उसने 22 जून को रेहटी स्थित चौहान कृषि सेवा केंद्र से आईएफएफडीसी कंपनी की एमटीयू-7029 किस्म का 300 किलो धान बीज खरीदा था. इसके लिए उसे 15 हजार रुपए का भुगतान करना पड़ा. किसान के पास बीज खरीदी का बिल और बीज के पैकेट भी उपलब्ध हैं. पैकेट पर इसे प्रमाणित बीज बताया गया है. मई 26 में पैक किए गए इन पैकेटों पर 30 किलो वजन, 1950 रुपए विक्रय मूल्य और खेप क्रमांक आरएनवी-25-12-194-43 अंकित है.
फसल में बालियां नहीं आने के पीछे बीज की गुणवत्ता में कमी है या अन्य कृषि संबंधी कारण जिम्मेदार हैं, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. इसके लिए खेत में खड़ी फसल का निरीक्षण, बीज के नमूनों और संबंधित खेप के अभिलेखों की जांच जरूरी है. प्रमाणित बीज के पैकेट पर दर्ज जानकारी और किसान को दी गई पकने की अवधि के दावे का भी परीक्षण किया जाना चाहिए.
अब कृषि विभाग की जांच पर किसान की उम्मीद टिकी है. यह देखना होगा कि बीज की संबंधित खेप की गुणवत्ता में कोई कमी सामने आती है या फसल प्रभावित होने का दूसरा कारण मिलता है. जांच के बाद कंपनी और विके्रता की जवाबदेही तय हो सकेगी.
120 दिन में तैयार होने की बताई थी अवधि
किसान का कहना है कि बीज खरीदते समय दुकानदार ने एमटीयू-7029 किस्म की फसल करीब 120 दिन में तैयार होने की जानकारी दी थी। इसी आधार पर उसने खेत में बोवनी की. लेकिन 140 दिन से अधिक समय गुजरने के बाद भी फसल में बालियां नहीं आई हैं. किसान के मुताबिक खेत में फसल खड़ी है, लेकिन बालियां नहीं निकलने से उत्पादन की संभावना प्रभावित हो गई है. इससे खरीफ की फसल के साथ रबी की बोवनी की तैयारी पर भी असर पडऩे की आशंका है.
शिकायत के बाद भी नहीं हो सका समाधान
किसान ओमप्रकाश चौहान ने फसल की स्थिति से दुकानदार और कंपनी को अवगत कराया है. उसका आरोप है कि पिछले करीब 20 दिनों से जांच का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.मामले में आईएफएफडीसी कंपनी का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उपलब्ध दूरभाष नंबर बंद मिला. इस कारण कंपनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.
कृषि मंत्री को आवेदन देकर मांगा मुआवजा
किसान ओमप्रकाश चौहान ने 4 नवंबर को कृषि मंत्री के नाम तहसीलदारके माध्यम से आवेदन सौंपा है. इसमें आईएफएफडीसी कंपनी के एमटीयू-7029 बीज की गुणवत्ता की जांच कराने, जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने और फसल से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की गई है. आवेदन की प्रतिलिपि कृषि विभाग के प्रमुख सचिव, कलेक्टर और एसडीएम बुधनी को भी भेजी गई है.
