दीपावली के पांच दिवसीय विश्राम के बाद आज फिर शुरू होगी यात्रा

विशेष संवाददाता भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा दीपावली के पांच दिवसीय विश्राम के बाद बुधवार, 11 नवंबर को फिर शुरू होगी। यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत पाटई हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ होगी। इसके बाद राघोगढ़ नगर में यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल होंगे।

राघोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे मंदिर में पूजा-अर्चना, धर्म रथ की आरती और ध्वजारोहण के साथ होगी। सुबह 8.30 बजे दिग्विजय सिंह नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। दोपहर करीब 1 बजे कैची बीड़ी फैक्ट्री के पास जनसभा को संबोधित करेंगे।

उल्लेखनीय है कि यात्रा 5 नवंबर को पाटई हनुमान मंदिर पहुंची थी, जहां से दीपावली के मद्देनजर पांच दिनों का विराम दिया गया था, ताकि यात्रा में शामिल लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मना सकें।

यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से हुई थी। इसका उद्देश्य सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मंदिरों में प्राप्त दान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा राम मंदिर के लिए एकत्रित चंदे की निष्पक्ष जांच की मांग उठाना है। यात्रा में वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की जा रही है। यात्रा का अगला लक्ष्य अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करना है।

 

Next Post

मध्यप्रदेश पुलिस की स्वीकृत संख्या में 2,673 पदों की वृद्धि

Wed Nov 11 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की स्वीकृत पद संख्या में वर्ष 2025 के दौरान 2,673 पदों की वृद्धि हुई है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में मध्यप्रदेश पुलिस की ‘सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025’ का विमोचन किया। पुस्तिका में पुलिस बल की संगठनात्मक संरचना, स्वीकृत पदों, उपलब्ध संसाधनों और […]

You May Like