नयी दिल्ली, 21 जुलाई (वार्ता) वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बंधन बैंक का कारोबार 11 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3.2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया।
बंधन बैंक ने मंगलवार को बताया कि कुल जमा राशि में खुदरा जमा का हिस्सा अब लगभग 74 फीसदी है। बैंक का कहना है कि वित्त वर्ष 2026-27 में कारोबार में यह बढ़ोतरी बढ़ते वितरण नेटवर्क, बेहतर परिचालन दस्ता और उत्कर्षता की दिशा में निरंतर प्रयास का परिणाम है। पहली तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा 502 करोड़ रुपये रहा।
देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 35 में बंधन बैंक के लगभग 6,400 बैंकिंग आउटलेट और 3.2 करोड़ ग्राहक हैं। बैंक में काम करने वाले कर्मचारियों की कुल संख्या 74,500 से ज़्यादा है।
बैंक के पास जमा राशि तिमाही के दौरान सालाना सात प्रतिशत बढ़कर 1.65 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी अवधि में बैंक द्वारा दी गयी कुल उधारी 1.56 लाख करोड़ रुपये पर रही। कुल जमा में चालू खाता और बचत खाता (कासा) का अनुपात 29.4 प्रतिशत रहा। वित्तीय स्थिरता के एक अहम पैमाना माना जाने वाला बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) 18.2 प्रतिशत पर है।
बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा, “वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का हमारा प्रदर्शन बैंक की मजबूती, हमारी टीमों की प्रतिबद्धता और हमारे शेयरधारकों के हम पर निरंतर बने विश्वास को दर्शाता है। इसी गति को बनाये रखते हुए हम ग्राहक-केंद्रित तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम विकास पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। अपने वितरण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाकर, उत्पादों की श्रृंखला का विस्तार करके तथा आंकड़ों पर आधारित विश्लेषण का प्रभावी उपयोग करते हुए हम अपने ग्राहकों और सभी हितधारकों के लिए अधिक मूल्य सृजित करने के साथ-साथ संतुलित, सतत और भविष्य के लिए तैयार विकास सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं।”
