लॉस एंजिल्स 18 जनवरी (वार्ता) टिकटॉक ने घोषणा की है कि अगर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ‘निश्चित’ आश्वासन नहीं देते, तो उसे रविवार को अमेरिका में 17 करोड़ उपयोगकर्ताओं के लिए अपनी सेवाएं बंद करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
यह घोषणा तब की गई, जब बाइडेन प्रशासन ने संकेत दिया कि वह लोकप्रिय वीडियो प्लेटफाॅर्म पर राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से कानून को तुरंत लागू नहीं करेगा।
लॉस एंजिल्स में मुख्यालय वाले टिकटॉक ने अपनी वेबसाइट पर एक संक्षिप्त बयान में चेतावनी दी कि जब तक बाइडेन प्रशासन प्लेटफॉर्म को आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाली अमेरिकी कंपनियों को आश्वस्त करने के लिए तत्काल कार्रवाई नहीं करता, तब तक शटडाउन प्रक्रिया अपरिहार्य होगी।
टिकटॉक ने कहा,“जब तक बाइडेन प्रशासन तत्काल सबसे महत्वपूर्ण सेवा प्रदाताओं को गैर-प्रवर्तन का आश्वासन देने के लिए एक निश्चित बयान नहीं देता, दुर्भाग्य से टिकटॉक को 19 जनवरी को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।”
इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टिकटॉक के चीनी मालिक बाइट डांस को एक अमेरिकी कंपनी को ऐप बेचने या रविवार से राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध का सामना करने के लिए बाध्य करने वाले कानून को बरकरार रखा, जो राष्ट्रपति-चुनाव में जीते डोनाल्ड ट्रंप के पुन: सत्ता संभालने से ठीक एक दिन पहले शुरू होगा।
इस निर्णय के मद्देनजर लाखों यूजर्स टिकटॉक की साइट पर अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए उमड़ पड़े।
अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद प्रतिक्रिया व्यक्त की, और टिकटाॅक और श्री ट्रंप पर जिम्मेदारी डाल दी।
व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा,“समय के तथ्य को देखते हुए, यह प्रशासन मानता है कि कानून को लागू करने की कार्रवाई अगले प्रशासन पर आनी चाहिए, जो सोमवार को पदभार ग्रहण करेगा।”
अप्रैल 2024 में, श्री बाइडेन ने निराधार राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए, 270 दिनों के भीतर बाइट डांस को ऐप बेचने की आवश्यकता वाले विधेयक पर हस्ताक्षर किए। यदि कंपनी इसका पालन करने में विफल रहती है, तो कानून के अनुसार एप्पल और गूगल जैसे ऐप स्टोर संचालकों को 19 जनवरी, 2025 से अपने प्लेटफ़ॉर्म से टिकटॉक को हटाना होगा।
व्यवसाय के अंदरूनी सूत्रों ने चेतावनी दी कि जब तक बाइडेन प्रशासन यह स्पष्ट नहीं करता कि टिकटॉक के सेवा प्रदाताओं को प्रतिबंध का उल्लंघन करने के लिए दंडित नहीं किया जाएगा, तब तक इन कंपनियों को कानून का पालन करने के लिए बाध्य किया जाएगा। यह कानून एप्पल और गुगल सहित टिकटॉक ऐप होस्ट करने वाले ऐप स्टोर को लक्षित करता है, और यदि ये स्टोर रविवार के बाद भी टिकटॉक को डाउनलोड के लिए पेश करना जारी रखते हैं, तो इन स्टोर पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
यदि टिकटॉक रविवार को बंद नहीं भी होता है, तो भी प्रतिबंध के कारण अपडेट के बिना ऐप अनुपयोगी हो सकता है। पुराने सॉफ्टवेयर को चलाने से उपयोगकर्ताओं के लिए सुरक्षा जोखिम भी हो सकता है।
इस सप्ताह की शुरुआत में, स्थानीय मीडिया ने बताया कि यदि प्रतिबंध लागू होता है, तो टिकटॉक ने निर्धारित तिथि पर बंद होने का निर्णय लिया है, जिससे अमेरिका में ऐप प्रभावी रूप से बेकार हो जाएगा।
श्री ट्रंप ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से टिकटॉक प्रतिबंध को स्थगित करने का आग्रह किया, ताकि बातचीत के जरिए समाधान के लिए समय मिल सके।
श्री ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज ने गुरुवार को फॉक्स न्यूज को बताया कि आने वाला प्रशासन अमेरिकियों के डेटा की सुरक्षा करते हुए उनके लिए ‘शानदार प्लेटफॉर्म’ को बनाए रखने के लिए एक समझौते पर काम करेगा। शुक्रवार के फैसले के बाद, श्री ट्रम्प ने अपने विचार साझा करने के लिए ट्रुथ सोशल का सहारा लिया। उन्होंने कहा,“टिकटॉक पर मेरा निर्णय बहुत दूर के भविष्य में नहीं लिया जाएगा, लेकिन मुझे स्थिति की समीक्षा करने के लिए समय चाहिए। बने रहें।”
