दमोह: सावन माह के तृतीय सोमवार को बांदकपुर स्थित जागेश्वर नाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के पट खुलते ही भक्तों ने दर्शन किए। गर्भगृह में प्रवेश वर्जित रहा, लेकिन बाहर से ही भक्तों ने जलाभिषेक और पूजा की। दमोह सांसद राहुल सिंह भी हिंडोरिया से पैदल यात्रा कर दर्शन को पहुंचे और तीसरे सोमवार भी गर्भगृह के बाहर से पूजा-अर्चना की।
व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर कोचर व पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया और एसडीओपी प्रिया सिंघी के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना प्रभारियों और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। मंदिर समिति व प्रशासन द्वारा पेयजल, मेडिकल और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई। हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
